Monday, February 16, 2015

स्वयं से प्यार करना सीखे


        स्वामी विवेकानंद लिखते हैं- 'प्रत्येक इंसान ईश्वर का अंश है। यदि कोई इंसान ईश्वर के प्रति अपनी भक्ति दिखाना चाहता है, तो सबसे पहले स्वयं की अवहेलना करना छोड़े और स्वयं से प्यार करना सीखे। प्रेम से ही चेतना जाग्रत होती है। जब मैंने योग और ध्यान के माध्यम से खुद को जगाया, तभी मुझे अपनी अंतर्निहित शक्तियों का पता चला। इन्हीं शक्तियों के बल पर मैं अमेरिका के शिकागो (1893) में विश्व धर्म संसद में पश्चिमी समाज को भारतीय धर्म व दर्शन से परिचित करा पाया। किसी भी इंसान के लिए खुद की गरिमा सर्वोपरि है। हमारा लक्ष्य अपने भीतर के ईश्वर (स्वयं की तलाश) को खोजना है, जिसे कर्म, भक्ति और ध्यान के जरिये पाया जा सकता है।

1-अपनी खूबियों से प्रेम करें--

        प्रवचन सभा के दौरान एक व्यक्ति ने ओशो से पूछा, 'दूसरों की अच्छाइयों या व्यवहार के प्रति तो आकर्षण हो जाता है, लेकिन स्वयं से प्यार किस तरह करें? इसके उत्तर में ओशो ने एक कहानी सुनाई :--

        बहुत समय पहले एक शिष्य जेन गुरु से शिक्षा प्राप्त कर घर जा रहा था। रात अंधेरी थी, इसलिए उसने गुरु से एक दीपक उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि उसे रास्ता तलाशने में दिक्कत न हो। गुरु ने उसके हाथ पर एक दीपक रख दिया, लेकिन अभी वह कुछ दूर ही गया था कि उन्होंने फूंक मारकर दीपक बुझा दिया। शिष्य घबरा गया। तब गुरु ने कहा, दूसरे के दीपक के सहारे आगे बढ़ने की बजाय भीतर के दीपक से अपना रास्ता खोजना चाहिए। यह प्रयास करते हुए तुम्हारे भीतर एक नया दीपक जल उठेगा। एक बार जब आत्मा का दीपक प्रकाशित हो जाएगा, फिर तुम किसी भी आंधी या तूफान का मुकाबला करने में सक्षम हो जाओगे। इसलिए अपने अंदर की शक्तियों को पहचान कर उन्हें जगाओ। अपनी खूबियों से प्रेम करो।

        अपनी पहचान किताब में ओशो कहते हैं 'शरीर दृश्य आत्मा है, तो आत्मा अदृश्य शरीर है। शरीर और आत्मा कहीं भी विभाजित नहीं हैं। वे एक-दूसरे के हिस्से हैं। व्यक्ति को खुद को प्रेम करना है। उसे स्वयं को आदर-सम्मान देना है। उसे स्वयं का आभारी होना है। तभी वह समग्रता को उपलब्ध हो सकता है, तभी एक सघनता घटित होगी।

2-चेतना को जाग्रत करना सीखें--

        खुद को आईने में निहारें। महज चेहरा सुंदर है या नहीं, आप मोटे हैं या पतले- इसके लिए नहीं, बल्कि अपने उन गुणों के बारे में सोचें, जिसके लिए पहले कभी आपकी किसी ने तारीफ की थी, जिन गुणों ने आपको अपनों के और करीब ला दिया था। लगातार कुछ दिनों तक यह प्रक्रिया अपनाने के बाद आप खुद में परिवर्तन महसूस करने लगेंगे। जब भी आप अपनी आंखें बंद करेंगे, तो खुद में विस्तार महसूस करेंगे। आपकी चेतना जाग्रत होने लगेगी। ध्यान रहे, खुद से प्रेम करने की यह प्रक्रिया आत्ममुग्धता की सीमा को पार न करे। यह सच है कि इंसान में कुछ बुराइयां या कमजोरियां भी होती हैं। पर उन कमजोरियों के प्रति लापरवाह होने की बजाय उन्हें समाप्त करने की कोशिश भी व्यक्ति को स्वयं से जोड़ता है। शोध बताते हैं कि स्वयं से प्यार करना सफलता, खुशी और स्वस्थ संबंधों का आधार है। यह उनके मानसिक तनाव, अवसाद, बेचैनी तथा हीन भाव में कमी लाता है।
 
        महान दार्शनिक खलील जिब्रान अपनी किताब 'द प्रॉफेट में कहते हैं कि मैं शारीरिक रूप से बहुत कमजोर था। पर मैंने उन कमजोरियों को कभी अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया, क्योंकि विफलता मिलने के बावजूद मुझे अपनी खूबियों पर विश्वास था।

3-आप ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति हैं--

        अमेरिका की मर्सी शिमॉफ की पुस्तक 'लव फॉर नो रीजन बेस्ट सेलर नॉवेल्स में शुमार है। इसका अब तक 31 भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। मर्सी कहती हैं कि स्वयं से प्यार करने का विचार व्यक्ति को स्वार्थी नहीं बनाता। आप यदि स्वयं से प्यार करेंगे, तभी दूसरों की खामियों को नजरअंदाज कर उन्हें प्रेम और आदर दे सकेंगे। अपने कार्य को कमतर न आंके। आपका कार्य सर्वश्रेष्ठ है, क्योंकि आप ईश्वर की महानतम कृति हैं। दूसरों से तुलना व्यर्थ है। तभी योगी अरविंद कहते हैं, खुद से टूटे हुए या हताश व्यक्ति का योग और साधना के जरिये ईश्वर की प्राप्ति निरर्थक है। पहले उसे अपने भीतर के ईश्वर को पहचानना होगा। इसके लिए उसे स्वयं से प्यार करना होगा।

प्यार आपसी फायदे के लिए बनाई गई योजना होती है--


        जिसे प्यार कहा जाता है, वह आम तौर पर एक आपसी फायदे के लिए बनाई गई योजना होती है। 'तुम मुझे यह दो मैं तुम्हें वह दूंगा, अगर तुम मुझे यह नहीं दोगे, तो मैं तुम्हें वह नहीं दूंगा। ऐसा कहा नहीं जाता, मगर यही किया जाता है।

        इंसानों की शारीरिक, मनोवैज्ञानिक, भावनात्मक, आर्थिक, सामाजिक और कई दूसरी तरह की जरूरतें होती हैं। 'तुम मुझे यह दो मैं तुम्हें वह दूंगा, जैसी भद्दी बातें करने की बजाय, हम उसे भावनाओं की एक खास मिठास से लपेटते हुए उसमें थोड़ी सुरुचि और सुंदरता ले आते हैं। इसे हम प्रेम प्रसंग कहते हैं। इंसानों के रूप में एक बुनियादी तरीके से लेन-देन करना हमें भद्दा महसूस कराता है। अगर आप दोनों हाथों से खाना लेकर खाते हैं, तो यह बहुत भद्दा लगता है, है न? हम एक सभ्य तरीके से खाना चाहते हैं।
 
        इसी तरह हमने अपनी शारीरिक, भावनात्मक और आर्थिक जरूरतों को एक अधिक सुन्दर तरीके से पूरा करने की व्यवस्था की है। घरेलू उद्देश्यों के लिए दो लोगों के साथ रहने के लिए, उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए, बच्चे पैदा करने के लिए, उन्हें पालने, बड़ा करने के लिए, प्यार का एक घरेलू स्तर काफी है। बहुत कम लोग ऐसे प्रेम प्रसंग के लिए तैयार होते हैं, जो दो जिंदगियों को एक कर दे और उन्हें परम-तत्व से मिलन की अवस्था तक पहुंचा दे।

1-प्यार परम मिलन का रास्ता

        दो लोगों का अनुभव में एक होने के लिए, एक अलग तरह की तैयारी की जरुरत है। ज्यादातर लोग प्यार को घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। वे उससे आगे नहीं जाना चाहते। घरेलु जरूरतों से आगे जाने के लिए दोनों को तैयार होना होगा। अगर एक तैयार है और दूसरा नहीं, या एक कोशिश कर रहा है और दूसरा नहीं, तो ऐसा लग सकता है कि एक व्यक्ति पायदान बन रहा है, या एक का शोषण हो रहा है। मगर जो परम मिलन के लिए खुद ही प्यार बन जाना चाहता है, उसे पायदान या कुछ और बनने की परवाह नहीं होनी चाहिए।

2-प्यार में खुद को दास बना लेता है--

        भारत में हमारे यहां एक ऐसी संस्कृति है, जहां लोग अपनी मर्जी से खुद को दास बना लेते हैं। आप तुलसीदास, कृष्णदास, या किसी और तरह के 'दास को जानते हैं? वे खुलेआम कहते हैं, 'मैं एक दास हूं। वे पायदान के रूप में इस्तेमाल किए जाने से डरते नहीं हैं। वे तो खुद पायदान बनना चाहते हैं। इस तरह का प्यार परम मिलन के लिए होता है, सिर्फ घरेलू मकसद के लिए नहीं। अगर आप परम मिलन की खोज में हैं, तो प्यार अलग ही तरीके से होना चाहिए। अगर आप प्यार से सिर्फ घरेलू कामकाज चलाने का रास्ता खोज रहे हैं, तो फिर जरूर आपको शिष्ट तरीके से यह देखना होगा कि 'इस प्यार से किसको क्या मिलता है। अगर कोई जरूरत से ज्यादा दूसरे का इस्तेमाल करता है, तो नतीजा यह होगा कि 'अगर तुम मुझे यह नहीं दोगे, तो मैं तुम्हें वह नहीं दूंगा। यह एक सामाजिक चीज है। वरना, अगर आप परम मिलन चाहते हैं, तो आपको इन सब चीजों के बारे में नहीं सोचना चाहिए। या दूसरे शब्दों में, अगर प्यार एक खास स्तर से आगे चला जाता है, तो आप हमेशा सुरक्षित रहने की मानसिकता छोड़ देते हैं, और अपने-आप एक तरह से आघात-योग्य बन जाते हैं। हमेशा सुरक्षित रहने की मानसिकता छोड़े बिना, कोई प्रेम संबंध नहीं हो सकता। सच्चे प्रेम के लिए, आपको प्रेम में गिरना होता है। जब आप गिरते हैं, तो कोई आपको उठा सकता है, या कोई आपको कुचल कर भी जा सकता है। 

3-सच्चे प्यार के पल का स्त्रोत

        यह अनुभव सुंदर होता है क्योंकि आप गिरते हैं या फिर हमेशा सुरक्षित रहने की मानसिकता छोड़ कर खुद को आघात-योग्य बना लेते हैं। क्योंकि प्यार में गिरने के लिए आपने अपने अंदर त्याग की भावना पैदा कर ली। अंग्रेजी का मुहावरा, 'प्यार मे गिरना वाकई सही और बहुत खूबसूरत है। वहां हमेशा प्यार में गिरने की बात की गई। किसी ने कभी प्यार में खड़े होने या प्यार में चढऩे या प्यार में उडऩे की बात नहीं की। क्योंकि आपके 'अहम् के गिरने पर ही आपके अंदर प्यार का एक गहरा अनुभव हो सकता है। आपके प्रेम की सुंदरता उसमें नहीं थी जो उन्होंने आपको दिया या जो उन्होंने आपके लिए किया। आप अकेले बैठे और सोचा कि वाकई आप इस इंसान को इतना प्रेम करते हैं, कि उसके लिए आप मरने के लिए तैयार हैं वह पल सबसे खूबसूरत पल होता है।इसलिए नहीं कि उन्होंने आपको एक बड़ा तोहफा दिया, वह पल नहीं, जब उन्होंने आपको हीरे की अंगूठी दी, वह पल नहीं जब उन्होंने आपके बारे में ऐसी-वैसी चीजें कहीं नहीं। एक ऐसा पल था जब आप दूसरे व्यक्ति के लिए मरने को तैयार थे वही सच्चे प्यार का पल था। आप न सिर्फ पायदान बनने को, बल्कि उनके पैरों की धूल बनने को तैयार थे।

4-भक्ति का पागलपन

        जब प्रेम भक्ति में बदल जाता है, तो आप ऐसे ही बन जाते हैं। अगर आप प्यार में गिरते हैं, तो आप असुरक्षा को अपनाने और आघात-योग्य बनने को तैयार हो जाते हैं। मगर फिर भी प्रेम प्रसंगों में थोड़ी-बहुत 'समझदारी काम करती है आप उस स्थिति को छोड़ कर बाहर आ सकते हैं। लेकिन अगर आप भक्त बन जाते हैं, तो आपके अंदर कोई 'समझदारी नहीं बचती और आप उससे उबर नहीं सकते।

        एक भक्त खुद को किसी चीज से नहीं जोड़ सकता, वह बस भक्ति की ओर खिंचता है। इसलिए इससे पहले कि आप भक्ति के क्षेत्र में कदम रखें, आपको देख लेना चाहिए कि आप उसके लिए तैयार हैं या नहीं।

        सबसे पहले तो आपके लक्ष्य क्या हैं? अगर आपका लक्ष्य बस दूसरे जीवन को अपना एक हिस्सा बनाना हैं, तो आपके लिए एक संतुलित प्रेम संबंध अच्छा है। लेकिन अगर आप बस एक अच्छा जीवन जीना नहीं चाहते, बल्कि आप खुद को जीवन की प्रक्रिया में विलीन कर देना चाहते हैं अगर आप एक विस्फोटक-जीवन जीना चाहते हैं, अगर आप परवाह नहीं करते कि आपको क्या मिला और क्या नहीं मिला, तो आप एक भक्त बन जाते हैं।

        एक भक्त 'किसी का भक्त नहीं होता। भक्ति एक गुण है। भक्त का मतलब एक खास एकाग्रता है, आप लगातार एक ही चीज पर ध्यान लगाते हैं। जब कोई इंसान इस तरह बन जाता है, कि उसके विचार, उसकी भावनाएं और सब कुछ एक दिशा में केंद्रित हो जाते हैं, तो उस इंसान को कुदरती रूप से कृपा मिल जाती है। वह ग्रहणशील बन जाता है। भक्ति का मतलब है कि आप अपने भक्ति के केंद्र में खो जाने का इरादा रखते हैं। यह अस्तित्व की एक अलग अवस्था है। घरेलू किस्म के प्रेम संबंध की तलाश में रहने वाले किसी इंसान को यह सवाल पूछना भी चाहिए।

 

मेडिटेशन आपके भीतर की खुशबू है



        मेडिटेशन क्या है.इस सम्बन्ध में अलग-अलग विचार हैं। आजकल एक फैशन की तरह यह इस्तेमाल होने लगा है। कोई किताब पढ़ कर तो कोई किसी से कुछ सुनकर मेडिटेशन का अपना मतलब और अपना तरीका विकसित कर लेता है। ऐसे में बहुत जरूरी है यह जानना कि आखिर मेडिटेशन है क्या?
 
        सबसे पहली बात तो यह कि अंग्रेजी के मेडिटेशन शब्द का कुछ सार्थक मतलब नहीं है। अगर आप बस आंखें बंद कर बैठ जाएं तब भी अंग्रेजी में इसे मेडिटेशन करना ही कहा जाएगा। आप अपनी आंखें बंद करके बैठे हुए बहुत से काम कर सकते हैं- जप, तप, ध्यान, धारना, समाधि, शून्या कुछ भी कर सकते हैं।
 
        पश्चिमी समाज में देखें तो आज आप जिन चीजों को पाने का सपना देखते हैं, वे ज्यादातर पहले से ही उनके पास हैं। और क्या आपको लगता है, आप संतुष्ट हैं, आनंद की स्थिति में हैं? नहीं आनंद के आसपास भी नहीं हैं ।

        तो आखिर वह चीज है क्या, जिसे हम मेडिटेशन कहते हैं? आमतौर पर हम ऐसा मान लेते हैं कि मेडिटेशन से लोगों का मतलब ध्यान से होता है। अगर आप ध्यान को मेडिटेशन समझते हैं तो यह कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे आप कर सकते हैं। जिन लोगों ने भी ध्यान करने की कोशिश की है, उनमें से ज्यादातर अंत में इस नतीजे पर पहुंचते हैं कि इसे करना या तो बेहद मुश्किल है या फिर असंभव। और इसकी वजह यह है कि उसे आप करने की कोशिश कर रहे हैं।

        ध्यान एक खास तरह का गुण है, कोई बडा काम नहीं है। अगर आप अपने तन, मन, ऊर्जा और भावनाओं को परिपक्वता के एक खास स्तर तक ले जाते हैं, तो ध्यान स्वाभाविक रूप से होने लगेगा। यह ठीक ऐसे है, जैसे आप किसी जमीन को उपजाऊ बनाए रखें, उसे वक्त पर खाद पानी देते रहें और सही समय पर सही बीज उसमें डाल दें तो निश्चित तौर से इसमें फूल और फल लगेंगे ही।

        यदि पौधे पर फूल और फल इसलिए आते हैं, क्योंकि उनके खिलने के लिए एक उचित वातावरण और अनुकूल परिस्थितियां पैदा है। ठीक इसी तरह अगर आप अपने भीतर भी एक उचित और जरूरी माहौल पैदा कर लें, अपने सभी पहलुओं को सही परिस्थितियां प्रदान कर दें तो मेडिटेशन आपके भीतर अपने आप होने लगेगा। यह तो एक खास तरह की खुशबू है, जिसे कोई इंसान अपने भीतर ही महसूस कर सकता है।

क्यों करें ध्यान?-

        ध्यान का अर्थ है अपने शरीर और मन की सीमाओं से परे जाना। जब आप अपने शरीर और मन की सीमाओं से परे जाते हैं, केवल तभी आप अपने अंदर जीवन के पूर्ण आयाम को पाते हैं। जब आप खुद को शरीर के रूप में देखते हैं तो आपकी पूरी जिंदगी बस भरण पोषण में निकल जाती है।
 
        अगर आप बस आंखें बंद कर बैठ जाएं तब भी अंग्रेजी में इसे मेडिटेशन करना ही कहा जाएगा। आप अपनी आंखें बंद करके बैठे हुए बहुत से काम कर सकते हैं- जप, तप, ध्यान, धारना, समाधि, शून्य कुछ भी कर सकते हैं।जब आप खुद को मन के रूप में देखते हैं तो आपकी पूरी सोच सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक नजरिए से तय होती है। आपकी सोच एक तरह से गुलाम बन जाती है। फिर आप उससे आगे देख ही नहीं सकते। जब आप अपने मन की चंचलता से मुक्त हो जाते हौ तभी आप शरीर और दिमाग से बाहर के पहलुओं को जान पाएंगे।

        यह शरीर और यह मन आपका नहीं है, इन्हें आपने धीरे-धीरे समय के साथ इकठ्ठा किया है। आपका शरीर उस भोजन का बस एक ढेर भर है, जो आपने खाया है। आपका मन भी बस बाहरी दुनिया के असर और उससे मिले विचारों का ढेर है। आपके मकान और बैंक बैलेंस की तरह ही आपके पास एक शरीर और एक मन है। अच्छा जीवन जीने के लिए इनकी जरूरत होती है, लेकिन कोई भी इंसान इन चीजों से संतुष्ट नहीं होगा। इन चीजों के जरिये लोग अपने जीवन को केवल आरामदायक और सुखमय बना लेते हैं। पश्चिमी समाज में देखें तो वे जिन चीजों को पाने का सपना देखते हैं, वे ज्यादातर पहले से ही उनके पास हैं। क्या आपको लगता है, वे संतुष्ट हैं, आनंद की स्थिति में हैं? नहीं आनंद के आसपास भी नहीं हैं वे।बस खाना, सोना, बच्चे पैदा करना और मर जाना, इससे पूर्ण संतुष्टि नहीं होती। इन सभी चीजों की जीवन में जरूरत पड़ती है। लेकिन इन चीजों से हमारा जीवन पूर्ण नहीं हो पाता। अगर आपने अपने जीवन में इन सारी चीजों को पा लिया है तो भी आपका जीवन पूर्ण नहीं होता। इसकी वजह यह है कि मानव जागरूकता की एक खास सीमा को लांघ चुका है। इंसान हमेशा कुछ और अधिक चाहता है, नहीं तो वह कभी संतुष्ट नहीं होगा। इसकी असल इच्छा असीमित होने की या फिर अनंत होने की है। तो ध्यान एक ऐसा जरिया है जो आपको, असीमित व अनंत की ओर ले जाता है ।

 

Friday, January 23, 2015

गीता एक संजीवनी है


              गीता का पहला अध्याय ‘विषाद योग’ है। मोह और अज्ञान से उत्पन्न विषाद के कारण अर्जुन कहता है कि न योत्सि (मैं नहीं लड़ूंगा)। वह तरह तरह की दलीलें दे कर उचित ठहराता है तो भगवान उसे जिस तत्वज्ञान का उपदेश देते हैं, उसका समापन अठारहवें अध्याय में होता है। उस अन्तिम अध्याय का नाम ‘मोक्ष संन्यास योग’है। गीता के प्रभाव से विषाद में फंसा साधक मोक्ष संन्यास योग-यानी मोक्ष की कामना से भी परे की स्थिति में पहुंच जाता है।



              महाभारत में कहा गया है-‘सर्व शास्त्रमयी गीता’ (भीष्म कहते हैं); परन्तु इतना ही कहना यथेष्ट नहीं है; क्योंकि सम्पूर्ण शास्त्रों की उत्पत्ति वेदों से हुई, वेदों का प्राकट्य भगवान् ब्रह्माजी के मुख से हुआ और ब्रह्माजी भगवान् के नाभि-कमल से उत्पन्न हुए। इस प्रकार शास्त्रों और भगवान् के मध्य अत्यधिक दूरी हो गई है।



              लेकिन गीता तो स्वयं भगवान् के मुख से निकली है, इसलिए उसे शास्त्रों से बढ़कर माना गया है। इसकी पुष्टि के लिए स्वयं वेदव्यास का कथन द्रष्टव्य है- गीता सुगीता कर्तव्या किमन्यैः शास्त्रविस्तरैः। या स्वयं पद्मनाभस्य मुखपद्माद्विनिःसृता॥ (महा० भीष्म ) अर्थात्- ‘‘गीता का ही भली प्रकार से श्रवण कीर्तन, पठन-पाठन मनन और धारण करना चाहिए, अन्य शास्त्रों के संग्रह की क्या आवश्यकता है? क्योंकि वह स्वयं पद्मनाभ भगवान् के साक्षात् मुख-कमल से निकली है।’’



              इसके अतिरिक्त भगवान् ने गीता में मुक्तकण्ठ से यह घोषणा की है कि जो कोई मेरी इस गीतारूप आज्ञा का पालन करेगा, वह निःसंदेह ही मुक्त हो जाएगा। जो मनुष्य इसके उपदेशों के अनुसार अपना जीवन बना लेता है और इसका रहस्य भक्तों को धारण कराता है, उसके लिए तो भगवान् कहते हैं कि वह मुझ को अत्यधिक प्रिय है। भगवान् अपने ऐसे भक्तों के अधीन बन जाते हैं।



              सारांश यह है कि गीता भगवान् की वाणी है, हृदय है और भगवान् की वाङ्मयी मूर्ति है। जिसके हृदय में, वाणी में, शरीर में तथा समस्त इन्द्रियों एवं उनकी क्रियाओं में गीताव्याप्त हो गई है, वह पुरुष साक्षात् गीता की मूर्ति है। उसके दर्शन, स्पर्श, भाषण एवं चिन्तन से भी दूसरे मनुष्य परम पवित्र बन जाते हैं।इसलिए गीता को  संजीवनी कहा गया है। 

अन्धकार और दुख हमारे भाव है- प्रकाश में जीना सीखें

             अंधकार एक नकारात्मक भाव है,जब प्रकाश के अभाव की अनुभूति होती है तो यह प्रकाश कई बार परिस्थितियों के कारण भी लुप्त हो जाता है, किन्तु इस प्रकार की स्थिति में परमात्मा ने मनुष्य को इस प्रकार की क्षमता दे रखी है कि वह उनका उपयोग कर प्रकाश के अभाव को दूर कर सकता है। लेकिन अंधकार को देख कर ही जब मनुष्य भयभीत हो जाता है, परेशान और दुखी हो जाता है, तो उसके लिए अंधकार से मुक्त होने का कोई उपाय नहीं है।

 

            इसी प्रकार दुःख भी अंधकार के समान नकारात्मक भाव है। उसका भी कोई अस्तित्व नहीं है। व्यक्ति अपनी भ्रान्तियों, गलतियों और त्रुटियों की तंग कोठरी में बन्द होकर चारों ओर विखरे खिले हुए सुख तथा आनंद से वंचित रहे, तो इसमें परमात्मा का कोई दोष नहीं है।

 

                परमात्मां ने तो सृष्टि में चारों ओर सुख, आनंद तथा प्रफुल्लता का प्रकाश बिखेर रखा है। मनुष्य की अपनी भ्रान्तियों और त्रुटियों की जो दीवार है, अपनी समझ और दर्शन के दरवाजे व खिड़कियों को बंदकर स्वयं ही अंधकार पैदा किया है। प्रायः जो दुःखी, संतप्त, व्यथित और वेदनाकुल दिखाई देते हैं, उनकी पीड़ा के लिए बाहरी कारण नहीं, अपनी संकीर्णता की दीवारें उनके लिए उत्तरदायी हैं।

 

                 परिस्थितिवश कोई समस्या या कठिनाई उत्पन्न हो जाय, तो उसके लिए शोध करने की आवश्यक हीं है। परमात्मा ने अंधकार को दूर भगाने के लिए मनुष्य को उन समस्याओं तथा कठिनाइयों को सुलझाने की क्षमता दे रखी है। वह उस क्षमता का उपयोग कर अपने लिए सुख तथा आनन्द का मार्ग खोज सकता है तथा दुःख रुपी अंधकार को दूर टा सकता है।

हर रोज विचार करें तो प्रगति की ओर बढते जाओगे


            जो लोग आत्मसमीक्षा नहीं करते वे लोग कभी प्रगति नहीं कर सकते, क्योंकि दोष दुर्गुण आत्मसमीक्षा से ही पकड़े जाते हैं। आत्मसमीक्षा के बाद ही समाधान के बारे में सोचने का काम है। इसे बड़ी सावधानी से करने योग्य कार्य है। इसके लिए क्या करना चाहिए–
 
1-            दिन व्यतीत हो जाने पर रात्रि को जब बिस्तर पर जाएं तो दिन भर की मानसिक चिन्तन प्रणाली और शारीरिक गतिविधियों की निष्पक्ष समीक्षा करनी चाहिए। यदि असाधारण उत्कृष्ट कर्तव्य का परिचय दिया गया हो वहां अपने आत्मबल पर गर्व और संतोष अनुभव करना चाहिए और जहां चूक हुई तो उसके लिए पश्चाताप प्रायश्चित करते हुए अगले दिन वैसा करने की अपने आपको कड़ी चेतावनी देनी चाहिए।
 
2-            जिस प्रकार व्यापारी अपने बही खाते से यह अनुमान लगाते रहते हैं कि कारोबार नफे में चल रहा है या नुकसान में, ठीक इसी तरह अपनी भावना और क्रिया के जीवन व्यापार की गतिविधियों की समीक्षा करते हुये इस निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए कि हम ऊपर उठ रहे हैं या नीचे गिर रहे हैं।
 
3-            यदि उठ रहे हों तो उस उत्कर्ष की गति और भी तीव्र करने का उत्साह पैदा करना चाहिए और यदि पतन बढ़ रहा हो तो उसे
रोकने के लिए रुद्र रूप धारण करना चाहिए। गीता में भगवान ने आलंकारिक रूप से जिन कौरवों से लड़ने के लिए कहा था, वस्तुतः वे मनोविकार ही हैं। यह महाभारत हर व्यक्ति के जीवन में लड़ा जाना चाहिए। अपने दोष दुर्गुणों को निरस्त करने के लिए हर व्यक्ति को धनुष बाण संभालकर रखना चाहिए।
 
4-            भूलों के लिए पश्चाताप प्रार्थना भर पर्याप्त नहीं वरन् उसके लिए प्रायश्चित भी किया जाना चाहिए। छोटी भूलों के लिए छोटे शारीरिक दण्ड दिये जा सकते हैं, भोजन में कटौती, कान पकड़कर बैठक लगाना, कुछ समय खड़े रहना, देर तक जागना, चपत लगाना आदि दण्ड हो सकते हैं।
 
5-            यदि दूसरों को क्षति पहुँचाई गई है तो उसकी क्षति पूर्ति समाज की भलाई का कोई काम करके करना चाहिए। संसार में जो अंधेर, अविवेक और अनाचार चल रहा है, उसके प्रति आकर्षण नहीं, घृणा होनी चाहिए। उसे अपनाने के लिए नहीं, प्रतिरोध के लिए ही अपनी चेष्टा होनी चाहिए। व्यक्तित्व का निर्माण इसी प्रकार होगा।

 
 
 

प्रार्थना ऐसी हो जिसकी अनुभूति की जा सके

 

 

1-प्रार्थना करने की कोई विधि नहीं है-

              जी हॉ कुछ लोग प्रार्थना की विधियों का उल्लेख करते हैं, मगर प्रार्थना की कोई भी विधि नहीं हो सकती है। क्योंकि यह न कोई संस्कार है और न कोई औपचारिकता बस प्रार्थना ह्दय से निकलने वाला सहज स्वाभाविक उमडता हुआ एक भाव है। लेकिन इसमें पूछने वाली बात नहीं है कि कैसे?क्योंकि? यहॉ कैसे, जैसा कुछ भी नहीं है, कैसे जैसा कुछ भी हो सकता है। उस क्षण जो भी घटता है, वही ठीक है। अगर आंसू निकलते हैं तो अच्छा है,कोई गीत गाने लगता है तो भी ठीक है,अगर अन्दर से कुछ भी नहीं निकलता है तो शॉत खडे रहते हो,यह भी ठीक है।क्योंकि प्रार्थना कोई अभिव्यक्ति नहीं है,या किसी आवरण में भी वन्द नहीं है। प्रार्थना तो कभी मौन है,तो कभी गीत गाना प्रार्थना बन जाती है। यह तो सबकुछ तुम और तुम्हारे ह्दय पर निर्भर करता है।इसलिए अगर मैं तुमसे गीत गाने के लिए कहता हूं तो तुम गीत इसलिए गाते हो कि ऐसा करने के लिए मैंने तुमसे कहा,इसलिए यह प्रार्थना झूठी है।इसलिए प्रार्थना में अपने ह्दय की सुनो,और उस क्षण को महसूस करो और उसे होने दो। फिर जो कुछ भी होता है वह ठीक ही होता है।

2-प्रार्थना में अपने पर किसी की इच्छा मत लादो-

              प्रार्थना में कोई योजना बनाने की कोशिश कर रहे हो तो तुम प्रार्थना से चूक जाते हो।प्रार्थना पर अपनी इच्छा मत लादो,इसीलिए तो धार्मिक स्थल और धर्म संस्कार और कर्मकाण्ड बनकर रह गये हैं। उनकी तो पहले से ही तय की गई प्रार्थना होती है, उसका एक निश्चित रूप है,एक ही स्वीकृत किया गया है। जबकि प्रार्थना तुम्हारे अन्दर से उठती और उमगती है,प्रत्येक क्षण प्रत्येक चित्तवृत्त में उसकी अपनी निजी प्रार्थना होती है।इसे कोई नहीं जान सकता है कि तुम्हारे अन्दर के संसार में कल क्या घटने
वाला है।

3-परमात्मा की अनुभूति-

              वैसे प्रार्थना में प्रशन्नता की अनुभूति होती है लेकिन हमेशा प्रशन्न रहना भी जरूरी नहीं है कभी तुम उदासी अनुभव कर सकते हो,यह उदासी दिव्य होती है,यही तुम्हारी प्रार्थना होगी। उस स्थिति में तुम अपने ह्दय को रोने और विलखने दो,आंखों में आंसू वरसने दो।तब उस उदासी को ही परमात्मॉ को अर्पित कर दो।जो कुछ भी तुम्हारे ह्दय में है उस परमात्मां के चरणों में अर्पित कर दो-प्रशन्नता है या उदासी और कभी-कभी क्रोध या आक्रोश भी हो सकता है।

4-परमात्मा से नाराजी प्रेम का प्रतीक है-

              कभी तुम परमात्मा से नाराज भी हो सकते हो, यदि तुम कभी परमात्मां से नाराज नहीं हुये तो इसका मतलब तुमने परमात्मां को जाना ही नहीं।अगर कभी तुम उन्माद में होते हो तो तो उस समय उस क्रोध को ही प्रार्थना बन जाने दो।परमात्मा तुम्हारा है,और तुम परमात्मा के हो, इसलिए परमात्मा से लडो! प्रेम में तो सभी प्रकार के संघर्ष बने रह सकते हैं। यदि इसमें लडाई और संघर्ष का अस्तित्व न हो तो वह प्रेम है ही नहीं। इसलिए जब कभी प्रार्थना करना जैसा कुछ भी अनुभव न हो,तो तुम परमात्मा से कह सकते हो कि-सुनो जरा ठहरो, देखो मेरा मूढ ठीक नहीं है, और तुम जिस तरह से यह सबकुछ कर रहे हो, यह तुम्हारी प्रार्थना करने योग्य नहीं है!तुम अपने ह्दय का सहज स्वाभाविक भावोद्वेग बनने
दो।

5-परमात्मा के साथ अप्रमाणिक बनकर मत रहो-

              परमात्मा के साथ अप्रमाणिक बनकर रहना उचित नहीं है क्योंकि अस्तित्व में बने रहने के लिए ईमानदार या प्रमाणिकता का होना जरूरी है,तभी हम परमात्मा के साथ स्तित्व में बने रह सकते हैं।तभी परमात्मा हमारी शिकायत की ओर देखेगा, नकि प्रार्थना की ओर। अप्रमाणिकता झूठ है, हम किसे धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं? हमारे चेहरे की मुस्कान परमात्मा को धोखा नहीं दे सकती,वास्तविक सत्य वह जान ही लेता है। केवल वही तो हमारे सत्य को जान सकता है,उसके सामने तो झूठ ठहर ही नहीं सकता है। इसलिए सत्य को बने रहने देना चाहिए। परमात्मा को केवल अपना सत्य ही भेंट करें और कह सकते हो कि- आज में तुमसे नाराज हूं, मैं तुमसे घृणॉ करता हूं, और तुम्हारी प्रार्थना भी नहीं कर सकता, इसलिए आज तुम्हैं मेरी प्रार्थना के विना ही रहना होगा। मैं आज तक बहुत सह चुका हूं,अब तुम सहो। परमात्मा से वैसी बात कर सकते हो जैसे तुम अपने प्रेमी या मित्र या मां के साथ बातचीत करते हो। उससे ऐसे बात करो जैसे किसी छोटे बच्चे के साथ बात करते हैं।

6-सभी धर्मों में परमात्मा को परम् पिता कहा गया है-

              परमात्मा के सामने तो हर मनुष्य एक बच्चे की भॉति है। इसलिए कि हम परमात्मा को परमपिता कहते हैं।लेकिन हम इस बात को भूल जाते हैं कि परमात्मा परमपिता है। हमें यह भूल जाना है कि वह तुम्हारा पिता है या नहीं है,बस तुम्हें उसके सामने एक बच्चे की भॉ़ति ही जाना होगा-सहज,सच्चे,स्वाभाविक और प्रामाणिक। किसी सी पूछो ही नहीं कि प्रार्थना कैसे की जाय? उस क्षण सत्य ही तुम्हारी प्रार्थना होनी चाहिए। उस क्षण का सत्य चाह् जैसा भी हो, बिना सर्त तुम्हारी प्रार्थना बन जानी चाहिए। और एक बार उस क्षण का सत्य तुम्हारी सम्पत्ति बन जाती है।तुम विकसित होना शुरू हो जाते हो।

7-प्रार्थना एक प्रेमी की भक्ति का मार्ग है-

              एक प्रेमी प्रेम के बन्धन में प्रेम करता है,किसी भी प्रकार से वह उससे बाहर नहीं आना चाहता है। उसकी केवल यही प्रार्थना रहती है कि उसे इस योग्य समझा जाना चाहिए कि परमात्मा उसे निरन्तर अपनी लीला में स्थान देता रहे।यह बहुत सुन्दर खेल है वह इससे मुक्त नहीं होना चाहता है।

8-ध्यान मार्ग बुद्धत्व से सम्बन्ध रखता है-

              ध्यान के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति के लिए प्रार्थना तो एक बन्धन है। अगर देखें तो महॉवीर ने कभी प्रार्थना नहीं की। बुद्ध ने भी कभी प्रार्थना नहीं की। बुद्ध के लिए तो प्रार्थना अर्थहीन थी। इसलिए यदि तुम बुद्ध बनना चाहते हो तो प्रार्थना करना ही नहीं,क्योंकि प्रार्थना एक बन्धन को निर्मित करता है। लेकिन यह बन्धन शुद्ध प्रेम का रूप है।यदि तुम उस मार्ग का चयन करते हैं तो ठीक है मगर इसके लिए बुद्धत्व का प्रयोग सही नहीं होगा।

9-सहायता लेना बन्धन है-

              एक बार एक लडका अपनी मॉ से मछली मारने के लिए जाने हेतु पूछता है,मॉ का कहना था कि,यदि तुम जाना ही चाहते हो तो पूछते क्यों? हो जाओ! क्योंकि पूछने से सहायता नहीं मिल सकती है बल्कि बन्धन मिलेगा तुम बँध जाओगे। इसलिए बुद्धत्व को उपलव्ध होना है तो तुम्हें बिल्कुल अकेले रहना होगा। तो फिर वहॉ कोई भी परमात्मॉ नहीं होगा। कोई भी ऐसा नहीं कि जो तुम्हारी सहायता कर सके। क्योंकि अगर तुम किसी की सहायता चाहते हो तो वह बन्धन बन जायेगा। अर्थात यदि मैं तुम्हें मुक्त होने में सहायता करता हूं तो तुम मुझपर आश्रित होने लग जाओगे, तब बिना मेरे मुक्त किये तुम समर्थ हो सकोगे।और ध्यान के मार्ग पर सहायता करना सम्भव नहीं होगा। केवल संकेत मिल सकते हैं। बुद्ध तो केवल मार्ग दिखाता है,बुद्ध की विधि में तो कोई सहायता नहीं कर सकता है। तुम्हें स्वयं अपने पथ पर आगे बढना होगा।अपना प्रकाश स्वयं बनना होगा

आप अच्छा या बुरा किसे कहेंगे

 
            आप क्या सोचते है,अच्छा आदमी किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सकता। दरअसल अच्छा आदमी समाज और दुनिया को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाता है। वैसे आप अच्छा या बुरा किसे कहेंगे।अच्छे लोगों के ऐसे ही कर्मों से होता है नुकसान ।


एक ही शादी पर टिका रहने वाला बुरा आदमी-




        बुरे आदमी को मैं,शराब पीता हो इसलिए बुरा नहीं कहता। शराब पीने वाले अच्छे लोग भी हो सकते हैं।शराब पीने वाले बुरे लोग भी हो सकते हैं।या बुरा आदमी इसलिए कहता, कि उसने किसी को तलाक देकर दूसरी शादी कर ली हो। दस शादी करने वाला भी अच्छा आदमी हो सकता है। एक ही शादी पर जन्मों तक टिका रहने वाला आदमी भी बुरा हो सकता है।

 

        मैं बुरा आदमी उसको कहता हूं जिकसी मनोग्रंथि हीनता की है, जिसके भीतर इनफीरि यॉरिटी का कोई बहुत गहरा भाव है। ऐसा आदमी खतरनाक है, क्योंकि ऐसा आदमी पद को पकड़ेगा, जोर से पकड़ेगा, किसी भी कोशिश से पकड़ेगा, और किसी भी कीमत, किसी भी साधन का उपयोग करेगा।
 

 

अच्छे आदमी कर जाते हैं यह गलती----


 
        हिंदुस्तान में अच्छा आदमी वही है,जो न इनफीरियॉरिटी से पीड़ित है और न सुपीरियॉरिटी से पीड़ित है। अच्छे आदमी की मेरी परिभाषा है,ऐसा आदमी, जो खुद होने से तृप्त है,आनंदित है। जो किसी के आगे खड़े होने के लिए पागल नहीं है,और किसी के पीछे खड़े होने में जिसे अड़चन,कोई तकलीफ नहीं।जहां भी खड़ा हो जाए वहीं आनंदित है। ऐसा अच्छा आदमी राजनीति में जाए तो राजनीति शोषण न होकर सेवा बन जाती है।



        लेकिन भारत का अच्छा आदमी हमेशा से देश और समाज को नुकसान पहुंचाता रहा है। क्योंकि हिंदुस्तान के अच्छे आदमी भगोड़े रहे हैं। हिन्दुस्तान ने उनको ही आदर दिया है जो भाग जाए। कोई भी नहीं जानता कि अगर बुद्घ ने राज्य न छोड़ा होता,तो दुनिया का ज्यादा हित होता या छोड़ देने से ज्यादा हित हुआ। गांधी जी ने भी देश को आजाद करवाया और आजदी के बाद खुद राजनीति से हट गए।



        यह परंपरा है हमारी कि अच्छा आदमी हट जाए। लेकिन हम कभी नहीं सोचते कि अच्छा आदमी हटेगा तो जगह खाली नहीं रहेगी।खाली जगह को बुरा आदमी भर देता है। यही कारण है
कि भारत की राजनीति में बुरे आदमी तीव्र संलग्नता से उत्सुक रहते हैं।

धार्मिक चिंतन- विज्ञान और प्रामाणिकता के रूप में

              इस पृथ्वी पर मनुष्य को सिर्फ वही ज्ञान रहता है जो उसे दिखाई देता है,और जिसे वह अनुभव करता है,शेष इस संसार के सूक्ष्म क्रियाकलापों के प्रति जो कि हर समय होते रहते है के प्रति वह वह जानकारी तो रखता है मगर अप्रामाणिक होते हैं। विज्ञान की परिभाषा यदि सही अर्थों में समझ ली जाय तो धर्म, अध्यात्म को विज्ञान की एक उच्चस्तरीय विधा के रूप में माना जाएगा।
 
                   धर्म और विज्ञान को एक दूसरे का विरोधी न मान कर उन्हें एक दूसरे का पूरक समझना चाहिए। धर्म और अध्यात्म का नियंत्रण भावनात्मक क्षेत्र पर हैं उसके आधार पर ही चिंतन का परिष्कार होता है। इसलिए महत्त्व इसी बात पर दिया जाना चाहिए कि विचार पद्धति अध्यात्म के अंकुश तले विनिर्मित हो।
 
                  इतना भर जान लेने से वे सारे विरोधाभास मिट जायेंगे जो विज्ञान और अध्यात्म के बीच बताए जाते हैं। बंधनमुक्ति कैसे हो, माया किसे मानें और जो दीख पड़ता है, वह भी सत्य है, यह कैसे जाने? यदि आज की मूढ़ मान्यताओं, अंधविश्वासों, प्रथा-परंपराओं, कुहासे में घिरे धर्म को विज्ञान का पुट देकर स्वच्छ छवि दी जा सके तो जो भी कुछ आज अज्ञान के रूप हमें समक्ष विज्ञान के ढकोसले में दिखाई देता है, वह स्पष्ट समझ में आने लगेगा।
 
                  विज्ञान पर यदि अध्यात्म रूपी संवेदना के समुच्चय तत्त्वज्ञान की जब तक नकेल नहीं कसी जाए,चो वह स्वच्छंद हो जाएगा। वैसे यह गलत भी नहीं है। ऐसा होता हुआ हम दैनिक जीवन में प्रति पल देख रहे हैं। सौरमण्डल का ही एक अंग हमारी पृथ्वी है। अनेक सौरमण्डल इस सृष्टि में हैं, उसमें हमारी आकाश गंगा के एक सूर्यमण्डल में क्या इसी ग्रह में सुविकसित सभ्यता है या कहीं और भी है?
 
                 उस विराट में ही ईश्वरीय सत्ता ज्वाला के रूप में विद्यमान है एवं आत्मा एक चिनगारी के रूप में उसका एक घटक है। हर जीवात्मा को ब्रह्म से साक्षात्कार करने की अभीप्सा रखते हुए समर्थ सत्ता को खोजने का प्रयत्न करना चाहिए। यहां जो कुछ भी दिखाई दे रहा है, वह व्यवस्थित व नियमबद्ध किस प्रकार है, इसे भली भाँति प्रमाणित करना चाहिए। तथाकथित प्रत्यक्ष पर विश्वास करने वाले विज्ञान की अपूर्णता एवं अस्थिरता को ध्यान में रखकर भी अध्यात्म को समझना चाहिए। अध्यात्म को भी विज्ञान की कसौटी पर सही साबित होना चाहिए।


 

जिस रास्ते पर चले थे वहीं पहुंचे



                  हम जिस रास्ते पर चले थे वहीं पहुंचे,  हम ऐसा कुछ भी करते हैं जिससे दुख फलित होता है तो हम अपने मित्र नहीं कहे जा सकते। स्वयं के लिए दुख के बीज बोने वाला व्यक्ति तो अपना शत्रु है।
 
                और हम सब स्वयं के लिए दुख के बीज बोते हैं। निश्चित ही, बीज बोने में और फसल काटने में बहुत वक्त लग जाता है। इसलिए हमें याद भी नहीं रहता कि हम अपने ही बीजों के साथ की गई मेहनत की फसल काट रहे हैं।
 
                अक्सर फासला इतना हो जाता है कि हम सोचते हैं, बीज तो हमने बोए थे अमृत के,लेकिन न मालूम कैसा दुर्भाग्य था कि फल जहर का और विष का प्राप्त हुवा हैं! लेकिन इस जगत में जो हम बोते हैं, उसके अतिरिक्त हमें कुछ भी न मिलता है।
 
                 हम वही पाते हैं, जो हम अपने को निर्मित करते हैं। हम वही पाते हैं, जिसकी हम तैयारी करते हैं। हम वहीं पहुंचते हैं, जहां की हम यात्रा करते हैं। हम वहां नहीं पहुंच सकते, जहां की हमने यात्रा ही न की हो। यद्यपि हो सकता है, यात्रा करते समय हमने अपने मन में कल्पना की मंजिल कोई और बनाई हो। रास्ते को इससे कोई प्रयोजन नहीं है।